Home Top Ad

Responsive Ads Here

राजस्थान में वार-पलटवार, पढ़ें इस हफ्ते की बड़ी सियासी हलचल

Share:




राजस्थान में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो चुका है. सूबे में 7 दिसंबर को मतदान होने हैं और 11 दिसंबर को मतगणना होगी. इस हफ्ते प्रदेश में राजनितिक घटनाक्रमों के लिहाज से काफी गहमा गहमी रही. बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने बीकानेर में दलित सम्मेलन किए तो वहीं कांग्रेस ने भी आदिवासी और किसान सम्मेलन के माध्यम से वोटरों को साधा.

गौरव यात्रा का समापन, विजय संकल्प रैली में पीएम

शनिवार को मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की गौरव यात्रा के समापन के अवसर पर धर्म नगरी पुष्कर में प्रधानमंत्रीनरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला. पीएम ने जनता से अपील की कि राजस्थान में एक बार बीजेपी और एक बार कांग्रेस की परिपाटी बदलने की जरूरत है.

इसी रैली में मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने किसानों को मुफ्त बिजली की सौगात देने की घोषणा भी की. जिसे विपक्ष ने चुनावी दांव करार दिया. कांग्रेस महासचिव और राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि कांग्रेस द्वारा मेवाड़ के चारभुजा किसान सम्मेलन में किसानों को मुफ्त बिजली देने की घोषणा के बाद अपनी विदाई (गौरव) यात्रा के समापन पर मुख्यमंत्री राजे को किसानों की याद आई और कांग्रेस के बाद उन्होंने भी मुफ्त बिजली देने की बात की है. गहलोत ने सवाल किया कि जाती हुई सरकार द्वारा आचार संहिता लागू होने के 1 घंटे पहले की गई मुफ्त बिजली की घोषणा का क्या मतलब रह जाता है?

किसान सम्मेलन में पायलट का पलटवार

रविवार को भरतपुर में कांग्रेस के किसान सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट ट्रैक्टर पर सवार होकर पहुंचे. पायलट ने मुख्यमंत्री राजे पर तंज कसते हुए कहा कि आप चार साल किवाड़ बंद कर बैठे रहे, राज के ठाठ लिए. पायलट ने कहा कि मुख्यमंत्री को 4 साल 29 दिन और साढ़े 11 घंटे में याद नहीं आया, लेकिन चुनाव की तारीखों के ऐलान के आधे घंटे पहले सीएम ने कहा कि वो प्रदेश के किसानों को बिजली मुफ्त में देना चाहती हैं. पायलट बोलें कि तीन बजे चुनाव की तारीखें घोषित होती हैं और दो बजे बोलती हैं कि किसानों को बिजली मुफ्त में दी जाएगी.

सीकर में पूर्व सैनिकों और बीकानेर में दलितों के बीच शाह

गुरुवार को बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने बीकानेर और सीकर में अनुसूचित जाति और पूर्व सैनिकों की सभा को संबोधित किया. अमित शाह ने पूर्व सैनिकों को संबोधित करते हुए कहा कि मनमोहन सरकार ने सेना के हाथ बांध रखे थे, मोदी सरकार ने सेना से कहा कि घुस कर मारों. सर्जिकल स्ट्राइक का जिक्र करते हुए शाह ने कहा कि पाकिस्तान ने उरी कैम्प पर हमला कर गलती की हमने सैनिकों को आदेश दिया कि घुसकर मारो.

बीकानेर में अनुसचित जातियों के सम्मेलन में बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने बाबा साहेब अंबेडकर को याद करते हुए दलित वोटरों को लुभाने का प्रयास किया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने आजादी के बाद से मनमोहन सरकार तक बार बार बाबा साहेब को अपमानित किया गया. शाह ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर झूठ फैलाने और गुमराह करने का भी आरोप लगाया.

सीकर की सभा में भीड़ कम होने के चलते पार्टी अध्यक्ष अमित शाह नाराज भी दिखे. तैयारियों का आलम यह था कि उम्मीद से कम भीड़ इकट्ठा होने की वजह से शाह को सभा में देरी से बुलाया गया.

गहलोत को समन्वय और पायलट को चुनाव समिति का अध्यक्ष

राजस्थान में लंबी खींचतान के बाद कांग्रेस ने गुरुवार को चुनाव प्रबंधन को लेकर 9 कमेटियों की घोषणा की. इसमें प्रमुख तौर पर समन्वय समिति का अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को बनाया गया. जबकि प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट को चुनाव समिति का जिम्मा दिया गया. प्रचार समिति का अध्यक्ष अजमेर से सांसद रघु शर्मा को बनाया गया. वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री सीपी जोशी को पब्लिसिटी और प्रकाशन समिति का अध्यक्ष बनाया गया. कांग्रेस की तरफ से कमेटियों में युवा, महिला, बुजु्र्ग और सभी समाज के लोगों को प्रतिनिधित्व देने की कोशिश की गई. वहीं गुटों में बंटी कांग्रेस में विभिन्न खेमों के लोगों को एकजुट करने की कवायद भी की गई.

बीजेपी की तरफ से चुनाव प्रभारी की घोषणा करते हुए पार्टी महासचिव अरुण सिंह ने बयान जारी कर बताया कि केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर को राजस्थान की जिम्मेदारी दी गई है.

मायावती ने कांग्रेस से गठबंधन से किया इनकार

बुधवार को बीएसपी सुप्रीमो मायावती ने ऐलान किया कि पार्टी राजस्थान और मध्य प्रदेश में कांग्रेस से किसी भी तरह का गठबंधन नहीं करेगी. मायावती ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उनमें अहंकार आता जा रहा है ।

from hindi news https://ift.tt/2zVTzr5
via IFTTT