उत्तराखंड सरकार ने शनिवार को देहरादून हवाई अड्डे का नाम बदल कर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर रखने के फैसले पर मुहर लगा दी है. एक अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की एक बैठक में देहरादून के जॉलीग्रांट हवाई अड्डे का नाम परिवर्तित करके वाजपेयी के नाम पर करने के प्रस्ताव को अनुमोदित कर दिया.
मंत्रिमंडल ने कुल 27 प्रस्तावों को पारित किया है. इसमें राज्य विधानसभा का तीन दिवसीय शीत सत्र चार दिसंबर से बुलाने का प्रस्ताव भी शामिल है. बता दें कि इससे पहले उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने भी लखनऊ के इकाना स्टेडियम का नाम बदलकर अटल बिहारी वाजपेयी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम करने का फैसला लिया था. वहीं राजधानी लखनऊ के मशहूर हजरतगंज चौराहा का भी नाम भी बदलकर अटल चौराहा रखा गया था.
बलरामपुर में अटल के नाम पर सैटेलाइट सेंटर
अटल बिहारी वाजपेयी की राजनीतिक जन्मस्थली उत्तर प्रदेश के बलरामपुर को योगी सरकार ने एक बड़ा तोहफा देते हुए किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) का सैटेलाइट सेंटर बनाने का निर्णय लिया था. इसके लिए सरकार ने अनुपूरक बजट में पांच करोड़ रुपये की व्यवस्था की.
बता दें कि अटल बिहारी वाजपेयी का 16 अगस्त 2018 को निधन हो गया था. जिसके बाद राज्य और केंद्र सरकार अलग-अलग तरीकों से पूर्व राजनेता को श्रद्धांजलि अर्पित कर रही हैं.
इन जगहों के भी बदले नाम
नया रायपुर- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह नया रायपुर का नाम अटल नगर करने की घोषणा कर चुके हैं.
साबरमती घाट (गुजरात)- गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपाणी साबरमती घाट का नाम 'अटल घाट' करने का ऐलान कर चुके हैं.
प्लैनेटेरियम (अंबाला)- अंबाला शहर के विधायक असीम गोयल शहर के बाल भवन में बनने वाले प्लैनेटेरियम का नाम अटल बिहारी वाजपेयी के नाम से करने का ऐलान कर चुके हैं.
from hindi news https://ift.tt/2PPN4j0
via IFTTT