प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को मन की बात कार्यक्रम के 50वें एपिसोड में देश के लोगों को संबोधित करेंगे. कार्यक्रम में प्रधानमंत्री कई अलग-अलग मुद्दों पर अपनी राय जाहिर करेंगे.
रविवार का कार्यक्रम खास है क्योंकि प्रधानमंत्री के मासिक रेडियो प्रोग्राम का यह 50वां एपिसोड है. ऑल इंडिया रेडियो पर सुबह 11 बजे आयोजित इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री कई अलग-अलग मुद्दों पर बात करेंगे और देश-दुनिया के लोगों को संबोधित करेंगे.
नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के साथ ही मन की बात कार्यक्रम की शुरुआत की थी. इसके जरिये वे लोगों के मुद्दे उठाते हैं और इस पर अपनी राय भी जाहिर करते हैं. कई मुद्दों पर वे लोगों की राय भी जानते हैं. रेडियो पर प्रसारित होने वाले इस मासिक कार्यक्रम की शुरुआत अक्टूबर 2014 में हुई थी. अपने पहले प्रोग्राम में प्रधानमंत्री ने खादी के बारे में लोगों को जागरूक किया था और बढ़चढ़ कर खरीदारी करने की अपील की थी.
प्रधानमंत्री की अपील के बाद खादी की बिक्री में जबर्दस्त उछाल देखी गई. खादी उत्पादों की बिक्री 100 प्रतिशत तक बढ़ गई थी. खादी में लोगों की दिनोंदिन दिलचस्पी बढ़ रही है. बीते 28 अक्टूबर को प्रधानमंत्री ने मन की बात कार्यक्रम में आईटी सेक्टर के महत्व की बात की थी. उन्होंने सेवा क्षेत्र में इसकी महत्ता के बारे में विस्तार से बताया था. इसी कार्यक्रम में उन्होंने सरदार पटेल के बारे में भी बात की थी और उनके एकता-अखंडता के नजरिये से लोगों को रूबरू कराया था. प्रधानमंत्री ने इस कार्यक्रम में पैदल सेना दिवस पर बात की थी और इससे जुड़े सैन्य बलों और उनके परिजनों को याद किया था.
28 अक्टूबर को मन की बात कार्यक्रम दिवाली से ठीक पहले आयोजित हुआ था जिसमें प्रधानमंत्री ने लोगों से देसी सामान खरीदने का आग्रह किया था ताकि छोटे-छोटे कारोबारियों, मेहनतकश मजदूरों को मदद मिल सके. उन्होंने किसानों से पराली न जलाने की भी गुहार लगाई थी ताकि वायु प्रदूषण पर हरसंभव रोक लगाई जा सके.
पूर्व में मन की बात कार्यक्रम में अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा भी शामिल हो चुके हैं. वह एपिसोड 26 जनवरी 2015 को प्रसारित हुआ था. उस प्रोग्राम में बराक ओबामा ने अपने कुछ व्यक्तिगत अनुभव साझा किए थे और बताया था कि उन्होंने जिंदगी के लक्ष्य कैसे हासिल किए. रविवार का 50वां एपिसोड ऑल इंडिया रेडियो और दूरदर्शन के सभी नेटवर्क पर सुना जा सकेगा. प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमो) और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर इसे लाइव स्ट्रीमिंग के माध्यम से देखा जा सकता है.
from hindi news https://ift.tt/2DIEw6f
via IFTTT