रोहतक: हरियाणा के रोहतक में जाट महासभा को देखते हुए आंदोलन की सुगबुगाहट एक बार फिर से तेज हो गई है. रोहतक के जसिया में जाट आरक्षण को लेकर जाट महासम्मेलन बुलाया गया है. जाट नेता यशपाल मलिक ने ही जसिया में शनिवार को जाट समुदाय के लोगों को जुटने का आह्वान किया था. जाट महासभा को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं. इतना ही नहीं, शहर के प्रमुख स्थानों पर भी नाकाबंदी की है.
एसपी जशनदीप सिंह रंधावा ने कहा कि जाट महासभा के मद्देनजर बाहर के जिलों से भी पुलिस बुलाई गई है. समाचार एजेंसी ने जो तस्वीरें जारी की हैं, उसमें जाट समुदाय के लोग महासभा में मौजूद नजर आ रहे हैं. बता दें कि इससे पहले मार्च महीने में जाट समुदाय के लोगों ने जाट समुदाय के नेताओं और हरियाणा सरकार के बीच एक बैठक के बाद राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में प्रस्तावित अपने आरक्षण आंदोलन को वापस ले लिया था.